मिशन क्रांति न्यूज
जांजगीर-चाम्पा। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत चैतन्य कालेज पामगढ़ के छात्रों ने बाइक रैली निकाली । इस दौरान मतदाताओं को मताधिकार के प्रयोग के बारे में बताया। छात्रों की यह रैली महाविद्यालय से निकलकर अकलतरा मोड़ से होते हुए तहसील होते हुए पुनः महाविद्यालय में समाप्त हुई। इस बीच मतदाताओं को मताधिकार व अपने मत का सही उपयोग व नए मतदाता को मतदाता सूची में नाम जुड़वा कर परिचय पत्र प्राप्त करने तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरूक किया गया। रैली के पूर्व स्लोगन प्रतियोगिता व परिचर्चा का आयोजन किया गया। इसके बाद स्वस्थ मतदान का वचन व शपथ लिया गया। छात्र छात्राओं ने शपथ ली कि हम, भारत के नागरिक,
लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हैं और यह वचन देते हैं कि हम स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन में भागीदार बनेंगे और निर्भिक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना छत्तीसगढ़ विधानसभा निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और अपने आसपास के लोगों को एवं परिवार के सदस्यों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे।
कॉलेज के संचालक वीरेंद्र तिवारी ने जागरूकता अभियान के तहत कहा कि उत्साह के साथ आगामी होने वाले मतदान के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग करें। अधिक से अधिक मतदान होने से सही प्रतिनिधि का चयन होता है। विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में स्वच्छ और मजबूत सरकार बनाने के लिए अपना मत देने बूथ पर अवश्य जाएं। प्राचार्य डॉ. शरद के. वाजपेयी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है कि इस देश का प्रत्येक नागरिक निर्वाचन में अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करें, जबकि देखा गया है कि मतदान दिवस में महिला मतदाताओं की संख्या कम रहती है। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी संजय बघेल ने कहा कि आज युवाओं की नैतिक जिम्मेदारी है कि मतदान के लिए वह स्वयं जागरूक हो। साथ ही परिवार के सदस्यों को भी मतदान के लिए जागरूक करें। मतदाता जागरूकता रैली में कार्यक्रम में महाविद्यालयीन स्टाफ सहित छात्र -छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें