बुधवार, 5 दिसंबर 2018

राम मंदिर निर्माण के लिए समाज को जगाने की जरूरत : सर्वेश्वर दास




◆  राम मंदिर निर्माण में लेटलतीफी के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया
मिशन क्रांति न्यूज
जांजगीर-चाम्पा। हिन्दु धर्म सबसे प्राचीन और मानवता से परिपूर्ण है इसके बावजूद सर्व शक्तिमान ईश्वर श्री रामचंद्र की अयोध्या में मंदिर बनाने में राजनेता असमर्थ हैं, ऐसे में  राम मंदिर निर्माण के लिए समाज को जगाने की जरूरत है। उक्त बातें विश्व हिंदु परिषद केंद्रीय समिति के सदस्य कोटमीसोनार निवासी संत सर्वेश्वरदास ने जिलामुख्यालय के दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर परिसर  में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि विश्व हिन्दु परिषद अंतरराष्ट्रीय संगठन है संघ किसी भी राजनीतिक दल का समर्थन नहीं करता। लेकिन जो भगवान श्रीराम के नहीं या सरकार राम मंदिर निर्माण के पक्ष में नहीं उन्हें विश्व हिन्दु परिषद  हिन्दु हित में नहीं मानता। उन्होंने बताया कि आज इतने लंबे अंतराल के बाद भी सरकार श्रीराम की जन्म भूमि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण कराने में असमर्थ है यह हिन्दुओं की आस्था पर कुठाराघात है। आज सरकार और समाज को जगाने की जरूरत है इसी परिपेक्ष्य में क्षेत्रीय सांसद श्रीमती कमला पाटले को ज्ञापन सौंपेंगे और राम मंदिर निर्माण शीघ्र कराने का निवेदन करेंगे जो संत समाज की ओर से एक चेतावनी होगी। हालांकि हिन्दुओं ने राम मंदिर निर्माण को लेकर बीजेपी सरकार पर भरोसा जताया लेकिन संसद में पूर्ण बहुमत होते हुए केंद्र की सरकार राम मंदिर निर्माण कराने में विफल रही। यह सरकार की नाकामी है। अगर सरकार विश्व हिन्दु परिषद के विश्वास पर खरा नहीं उतर पाए तो संगठन उन्हें फटकार लगाती है। भगवान और संत विश्वकल्याण के लिए है यह किसी के लिए व्यक्तिगत नहीं है। आज हर हिन्दु राम मंदिर निर्माण कराने लालायित है इनसे उनकी आस्था जुड़ी है। अब तो ऐसा लगता है कि राजनेता राम मंदिर नहीं बना पाएंगे। समाज को जगाकर और जनजागरण से ही अयोध्या में राम मंदिर निर्माण होगा। इसके लिए संतो ने आवाज मुखर कर दी है। इस अवसर पर विश्व हिन्दु परिषद के प्रांतीय मंत्री विभूतीभूषण पाण्डेय,स्वामी रामगोपाल दास, प्रांतीय मठ मंदिर प्रमुख योगेश शर्मा, जांजगीर चाम्पा संघ चालक ओम प्रकाश, विश्व हिन्दु परिषद बिलासपुर संभाग  के सहमंत्री अश्वनी राठौर,  जिला मंत्री कुंज बिहारी साहू, सक्ती जिला संघ चालक रामचंद्र थवाड़ी, संत दुर्लभ दास महंत, अमृतगिरि महाराज, सौभाग्य दुबे और तपेश शर्मा सहित विश्व हिन्दु परिषद और आरएसएस के सदस्य उपस्थित थे।  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें