शुक्रवार, 16 नवंबर 2018

निर्धारित मापदंड के अनुरूप नहीं बन रहा सरकारी आवास,,,पैसे बचाने के फेर में ठेकेदार मकान में ग्रेनाईट की जगह लगवा रहा टाईल्स


◆ गृह निर्माण मंडल द्वारा अधिकारी-कर्मचारियों के लिए जिले सभी 9 ब्लाक में 42 करोड़ की लागत से बन रहा मकान
मिशन क्रांति न्यूज.
 जांजगीर-चाम्पा। गृह निर्माण मंडल द्वारा जिले के सभी ब्लाक में निर्माणाधीन सरकारी आवास निर्धारित मापदंड के अनुरूप नहीं बन रहा है, ठेकेदार नियमों को ताक में रखकर अपने मनमुताबिक निर्माण करा रहे हैं जहां पैसे बचाने के फेर में ग्रेनाइट की जगह टाइल्स लगाया जा रहा है। हैरत की बात तो यह है कि संबंधित विभाग के एसडीओ और इंजीनियर द्वारा ठेकेदार एवं उच्चाधिकारियों को उक्त गुणवत्ताहीन निर्माण को लेकर पत्राचार के बावजूद निर्माण कार्य में किसी तरह का सुधार नहीं आया है। ऐसे में अधिकारी - कर्मचारी के लिए बनाए जा रहे सरकारी आवास की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
जिले के सभी 9 ब्लाक में गृह निर्माण मंडल द्वारा सरकारी अधिकारी- कर्मचारियों के लिए तकरीबन 42 करोड़ की लागत से सरकारी आवास का निर्माण कराया जा रहा है निर्माण कार्य का काम मेसर्स साहू एसोसिएट्स रायपुर के ठेकेदार सेवक साहू को दिया गया है। जिसमें नियमों को ताक में रखकर मनमाने ढंग से ग्रेनाईट की जगह टाइल्स लगाकर पैसे बचाने का खेल बड़ी संजीदगी से खेला जा रहा है जहां एफ टाईप आवास के प्रथम तल एवं दूसरे तल के फ्लोरिंग में लिविंग और डाईनिंग रूम एवं फ्रंट एट्रेस लाबी में प्राक्कलन एवं प्रमाणित ड्राईंग के अनुसार 15 एमएम मोटी ग्रेनाईट के स्थान पर विट्रीफाईड टाईल्स लगाया जा रहा है जो निर्धारित मापदंड के अनुरूप बिल्कुल गलत है। इसी तरह पैसे बचाने के फेर में ठेकेदार द्वारा जी टाईप आवास के भूतल में, प्रथम तल एवं द्वितीय तल में एंट्रेस लॉबी एवं बालकनी में प्रमाणिक ड्राईंग के अनुसार ब्लेक ग्रेनाईट पत्थर न लगाकर अपनी सुविधानुसार पत्थर लगाकर काम निपटा रहे हैं। ठेकेदार की मनमानी इतनी की वे एच टाईप मकान के भूतल , प्रथम तल एवं द्वितिय तल में भी एंट्रेस लॉबी एवं सीढ़ी में 25 एमएम मोटा स्टोन की जगह पर टाईल्स लगाकर गुणवत्ताहीन निर्माण कर रहे हैं ताकि कम लागत से सरकारी आवास का निर्माण कर करोड़ों का बंदरबाट किया जा सके।
उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद कार्यवाही शून्य
मामले को गंभीरता से लेते हुए गृह निर्माण मंडल के एसडीओ श्री सिंह ने गुणवत्ताहीन निर्माण में सुधार करते हुए निर्धारित मापदंड के अनुरूप काम करने पत्राचार भी किया है इसके बावजूद ठेकेदार के निर्माण कार्य में सुधार नहीं दिख रहा है श्री सिंह ने बताया कि जिसके संबंध में विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है पर अफसोस निर्माण कार्य में ना ता सुधार हो रहा है और ना अंकुश लग पाया। ऐसे में ठेकेदार का मनोबल बढ़ गया है और ठेकेदार मनमानी पर उतर आए हैं। जिसे लेकर उच्चाधिकारी की कार्यशैली पर भीे सवाल उठ रहे हैं। बहरहाल निर्माण कार्य जारी है और अफसर मौन।
वर्जन
गृह निर्माण मंडल द्वारा सरकारी आवासीय मकान के निर्माण में अगर ठेकेदार द्वारा ग्रेनाईड की जगह में टाईल्स लगाया जा रहा है तो उनका निरीक्षण कर मूल्यांकन के आधार पर भुगतान किया जाएगा।
एके निखरा ईई छ.ग. गृह निर्माण मंडल 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें